अवागढ़ थाना क्षेत्र के गांव नरौरा में मंगलवार को जंगली सुअर ने स्कूल में व ग्रामीणों पर हमला बोलकर छह लोगों को घायल कर दिया। इसमें दो शिक्षक भी शामिल हैं, जबकि स्कूली छात्र-छात्राओं ने कमरे की कुंडी बंदकर जान बचाई। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया।
गांव नरौरा के चेतराम सिह इंटर कालेज में दोपहर के समय जब हाईस्कूल व इंटर के छात्र शिक्षा ग्रहण कर रहे थे तभी एक जंगली सुअर ने स्कूल परिसर पर हमला बोलकर दो शिक्षकों को घायल कर दिया, छात्रों ने किसी तरह कमरों के दरवाजे बंद कर अपनी जान बचाई। शोर गुल सुनकर आसपास के ग्रामीण एकत्रित हुए तब तक जंगली सुअर ने घरों में घुसकर दो भाई सकी चरन व मसीह चरन के अलावा रामवीर, ओमपाल, भीकम पचौरी को भी हमला बोलकर घायल कर दिया।
लोगों का कहना है कि गांव के आसपास एक दर्जन से अधिक जंगली सुअर हैं जो फसलों को तो नुकसान पहुंचा रहे हैं। लोगों पर भी हमला बोलकर उन्हें घायल कर रहे हैं। गांव में लोगों को घरों के दरवाजे बंदकर रहना पड़ रहा है। उनमें दहशत है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जंगली सुअरों से निजात दिलाए जाने की मांग की है। बता दें कि तीन चार दिन पहले कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव बिजौरी में भी जंगली सुअर ने दो युवकों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था।