एटा। शहर के मोहल्ला आंबेडकर नगर निवासी एक महिला पर खाना बनाते समय उसके देवर ने हसिया से हमला कर दिया। बचाने आए पति और बेटे को भी जमकर पीटा। दो दिन पहले देवर के शराब पीकर आने पर पुलिस से शिकायत की थी।
कोतवाली नगर के मोहल्ला आंबेडकर नगर निवासी सुनीता देवी ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि बुधवार की देर रात वह घर पर खाना बना रही थी। तभी देवर हरविंदर सिंह हसिया लेकर आया और पीछे से हमला कर दिया। इससे गर्दन पर कई जगह गंभीर घाव हो गए। मेरी चीख सुनकर बेटा विशाल और पति अशोक कुमार बचाने पहुंचे तो उनको भी हरविंदर ने डंडों से बुरी तरह से पीटा। आसपास के लोग बचाने आए तो जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया।
सुनीता ने बताया कि रविवार को हरविंदर ने नशे की हालत में घर पर आकर हमारे साथ गालीगलौज की थी। जिसकी शिकायत पुलिस में कर दी। इसी बात से वह काफी नाराज हो गया और बुधवार को इस घटना को अंजाम दे दिया। सुनीता देवी का आरोप है कि तहरीर देने के बाद भी अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। सीओ सिटी अमित कुमार राय ने बताया कि तहरीर आई है तो रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जाएगी जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।