कलेक्ट्रेट सभागार में ईआरओ और एईआरओ को प्रशिक्षण देते एडीएम प्रशासन सत्य प्रकाश। सूचना विभाग
एटा। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के अंतर्गत 17302 मतदाताओं के विवरण का मिलान 2003 की मतदाता सूची से नहीं हुआ है। अब बीएलओ इनके घर नोटिस लेकर पहुंचेंगे जिस पर मतदाताओं को चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित दस्तावेज देने होंगे।
बिना मैपिंग वाले मतदाताओं के संबंध में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। एडीएम प्रशासन सत्य प्रकाश ने बताया कि आलेख्य प्रकाशित मतदाता सूची के परीक्षण के दौरान ऐसे 17302 मतदाता चिह्नित किए गए हैं जिनके नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची में उपलब्ध नहीं थे। इन मतदाताओं को नोटिस जारी कर नियमानुसार सुनवाई की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को यूजर आईडी बनाना, सुनवाई के तरीके, नोटिस जारी करना, अभिलेखीय प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इस अवसर पर सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी उपस्थित रहे।
एडीएम ने बताया कि कार्य को सुचारू एवं प्रभावी रूप से करने के लिए 37 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की तैनाती भी निर्वाचन कार्यालय द्वारा की गई है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निर्धारित समय-सीमा में सभी कार्रवाई पूरी करते हुए मतदाता सूची की शुद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।