जनता दुर्गा मंदिर के पीछे निधौली रोड पर पड़ा कूड़ा ।संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। आम दिन तो गंदगी का आलम रहता ही है, त्योहारों पर भी नगर पालिका परिषद की सफाई के प्रति उदासीनता बनी रहती है। नवरात्र पर्व की नवमी पर सफाई ठीक से नहीं कराई गई है। जिसके चलते जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे रहे। मंदिर जाने-आने वाले लोगों को गंदगी से जूझना पड़ा।
शहर के रेलवे रोड, जीटी रोड, निधौली रोड समेत कई मार्ग पर कूड़े के ढेर पूरे ही दिन लगे रहे। यहां तक देवी मंदिर के आसपास तक सफाई नहीं कराई गई। लोग कहते नजर आए, साहब! आखिर शहर को कूड़े और गंदगी से निजात कब मिलेगी?
जनता दुर्गा मंदिर के पीछे लगे कूड़े के ढेर
जीटी रोड स्थित जनता दुर्गा मंदिर पर नवमी वाले दिन रविवार सुबह से रात तक पूजा अर्चना करने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। वहीं इसके ठीक पीछे निधौली रोड पर कूड़े के ढेर लगे थे। जहां से उठ रही दुर्गंध के चलते लोग परेशान थे।
सदर विधायक के आवास के पास ही कूड़े के ढेर
रेलवे रोड स्थित अरुणा नगर में सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड का आवास है। इसके पास ही कूड़े के ढेर लगे नजर आए। आवास से थोड़ी ही दूर पर रेलवे रोड के किनारे लगे कूड़े के ढेर से आ रही दुर्गंध से लोग परेशान दिख रहे थे। दोपहर 12 बजे तक यहां से कूड़ा नहीं उठाया गया।
नगर पालिका परिषद कार्यालय के सामने भी कूड़े के ढेर
जीटी रोड स्थित नगर पालिका परिषद कार्यालय के सामने भी कूड़े के ढेर लगे नजर आए। यहां पर निराश्रित गोवंश कूड़े से भोजन तलाश रहे थे। नगर पालिका परिषद द्वारा अपने कार्यालय के सामने ही सफाई व्यवस्था को दुरुस्त नहीं करा पा रही है।