जलेसर में विद्युत अव्यवस्थाओं के विरोध में लोग सड़कों पर उतर रहे हैं। एक
माह से फुंके ट्रांसफार्मर को न बदलने से आक्रोशित ऊंचा गांव के सैकड़ों
ग्रामीणों ने बेरनी विद्युत स्टेशन का घेराव कर तालाबंदी की।
ग्राम
ऊंचा गांव में पिछले 25 दिनों से ट्रांसफार्मर फुंका है। शिकायतों के बाद
भी विभाग के कानों पर जूं नहीं रेंगी। परेशान लोगों का आक्रोश तब और बढ़
गया कि जब गांव के ही एक खंभे में आए करंट से हजारों रुपये मूल्य की भैंस
चिपक कर मर गई। इसके विरोध में ग्रामीणों ने शनिवार को बेरनी चौराहे पर जाम
लगा कर विरोध जताया था। प्रशासन ने 24 घंटे में ट्रांसफार्मर बदलने का
आश्वासन देकर जाम खुलवाया था लेकिन समय बीतने के बाद भी कोई प्रगति न होने
पर ग्रामीणों ने रविवार को बेरनी विद्युत स्टेशन का घेराव कर तालाबंदी कर
दी।
विद्युत विभाग के अधिकारियों ने अवकाश की बात कहते हुए ट्रांसफार्मर
बदलने के लिये समय मांगा। घेराव करने वालों में ग्राम प्रधान दामोदर सिंह,
अशोक शाह, आशीष चौहान, दीपक यादव, राहुल यादव, अमित यादव, गुड्डू शाह,
ओमपाल बघेल, तारा सिंह बघेल आदि प्रमुख थे।