कासगंज में प्रेम प्रसंग में प्रेमी के संग किशोरी की भागने की योजना जब विफल
हुई तो उसने कीटनाशक खाकर आत्महत्या कर ली। किशोरी की मौत पर उसके
परिवारीजनों की युवक के घरवालों से झगड़ा हो गया। लाठी-डंडे चले और फावड़ा
चला। इस दौरान प्रेमी की बहन गंभीर घायल हो गई। फावड़ा से उसका कान कट गया
और सिर व हाथ में गंभीर चोट आ गई। एसपी विनय कुमार यादव के निर्देश पर
एएसपी सीओ ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की।
पटियाली क्षेत्र की 16
वर्षीय किशोरी का प्रेम प्रसंग सुनील से चल रहा था। रात्रि 10 बजे किशोरी
प्रेमी के साथ भाग गई। जब इसकी जानकारी परिवारीजनों को हुई तो रात्रि करीब
बारह बजे नगला झंडू से उन्होेंने किशोरी को तलाश लिया, जबकि प्रेमी भाग
गया। किशोरी को लेकर परिवारीजन घर आ गए। माता पिता व अन्य परिवारीजनों ने
किशोरी को भला बुरा कहा। इससे कुपित होकर किशोरी ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या
कर ली।
परिवारीजनों ने रविवार की सुबह ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
किशोरी की मौत से परिवारीजन बेहद आक्रोशित थे। बाद में वह सुनील के घर
पहुंच गए। जहां दोनों ही परिवार के लोगों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। इस
दौरान सुनील की बहन शशि फावड़ा के प्रहार से गंभीर घायल हो गई। सुनील के
परिवारीजन शशि को लेकर एसपी विनय कुमार यादव के आवास पर पहुंचे और मामले की
जानकारी दी। एसपी ने इस मामले में थाना पुलिस को कार्रवाई करने के निर्देश
दिए। अपर पुलिस अधीक्षक राधेमोहन भारद्वाज और पटियाली सीओ अमृतलाल को मौके
पर जांच को भेजा। पुलिस अधिकारी मामले की जांच पड़ताल में जुटे हुए है।
एसपी
विनय कुमार यादव का कहना है कि लड़की शनिवार की रात्रि दस बजे गायब हुई
थी। परिवारीजनों की तलाश पर वह रात्रि को बारह बजे मिल गई। वह अपने पिता की
एकलौती संतान थी। लड़की ने आत्मग्लानि में आत्महत्या कर ली। जिसका
परिवारीजनाें ने अंतिम संस्कार कर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले
में दोनेां पक्षों में हुए संघर्ष की घटना में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई
करेगी।