मोहनपुर को जाने वाले मार्ग की हालत बदतर है। पिछले 15 सालों से इस मार्ग की मरम्मत नहीं हुई है, जिसकी वजह से इसमें कई गड्ढे हो गए हैं। इस कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है। बारिश के दिनों में तो स्थिति और खराब होने जाने से राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
इस मार्ग से होकर गनेशपुर, इमलिया, खोजपुर, सेवनपुर, नाथूपुर, जहांगीरपुर आदि गांवों के लोग सहावर आते जाते हैं। ग्राम नाथूपुर के प्रधान लाखन सिंह आर्य का कहना है कि इस सड़क की मरम्मत कराने के लिए लोक निर्माण विभाग ने कोई कदम नहीं उठाया। जबकि कई बार लोग मांग कर चुके हैं। मोहनपुर के बिल्लू गुप्ता का कहना है कि रात में मरीजों को कंधों पर लादकर सहावर ले जाना पड़ता है। ग्राम वसई के प्रधान पंडित लाखन सिंह, ग्राम सेवनपुर के प्रधान इस्लाम खां, मनोज कुमार, कस्बा मोहनपुर निवासी बिल्लू गुप्ता, इसरार अहमद अंसारी, अब्दुल कलाम, डॉ. मुन्ने मियां, नवाब शेर आदि ने शीघ्र ही मार्ग बनवाए जाने की मांग की है।