प्रमुख सचिव कृषि के आदेश के बाद जिलाधिकारी के निर्देशन में बुधवार को कृषि विभाग द्वारा खाद बीज की कालाबाजारी रोकने के लिए जलेसर क्षेत्र में छापामार कार्रवाई की गई। इससे दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा। इस दौरान आठ दुकानों को चेक किया, जहां अनियिमितताएं मिलने पर दुकानदारों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार यादव ने बताया कि क्षेत्र की दुकानों पर बिक रहे खाद बीज के कुछ पैकेट पर दाम नहीं पड़े थे। उन पर टीम द्वारा तत्काल दाम डलवाए गए। वहीं ग्राहक द्वारा सामान लेने पर दुकानदार को खरीद के साथ ही रसीद देने के लिए निर्देश दिए गए। इसके अलावा स्टॉक रजिस्टर को नियमित रूप से भरने के लिए भी कहा गया है। दुकानदारों को चेतावनी देकर छोड़ा गया है। कहा कि अगर दोबारा मिला तो लाइसेंस निरस्त किया जाएगा। टीम ने जलेसर क्षेत्र के गांव बेरनी में कृषि सेवा केंद्र, शुक्ला खाद बीज भंडार, विपिन कृषि सेवा केंद्र, विशाल खाद भंडार के अलावा जलेसर में दीक्षा फर्टिलाइजर, बाबा खाद भंडार, ज्ञानी खाद भंडार, जनता खाद भंडार के यहां छापामार कार्रवाई की।