जिलाधिकारी कार्यालय पर समस्या सुनती एक दिन की डीएम शिवांगी राजपूत ।
- फोटो : ETAH
मिशन शक्ति के तहत शुक्रवार को डीएलएड की छात्रा शिवांगी को जिलाधिकारी बनाया गया। इस दौरान शिवांगी ने फरियादियों की समस्याओं को सुना। उन्होंने कहा सरकार की यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ जिले की बेटियों के लिए शुभ संदेश है।
डीएम बनी छात्रा शिवांगी ने जनता दर्शन में आए फरियादियों की समस्याओं को सुना। किदवई नगर निवासी सिदकी अहमद द्वारा कब्रिस्तान पर कब्जे की शिकायत की गई। शिवांगी ने एसडीएम सदर और ईओ नगर पालिका को निर्देश दिए कि तत्काल भूमि को कब्जा मुक्त कराएं। कुसाड़ी निवासी चरन सिंह ने कहा कि कागजों में गलत नाम दर्ज करने की शिकायत की।
शिवांगी ने इस दौरान अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन कर विभागीय योजनाओं को परखा तथा देश और समाज हित में कार्य करने की बात कही। शिवांगी ने कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं तथा बच्चों की सुरक्षा, सम्मान के लिए मिशन शक्ति चलाया जा रहा है। डीएम बनकर मुझे बहुत अच्छा लग रहा है। डीएम के रूप में कार्यभार गृहण के दौरान जिलाधिकारी सुखलाल भारती, एडीएम वित्त एवं राजस्व केशव कुमार, एडीएम प्रशासन विवेक कुमार मिश्र, एसडीएम सदर अबुल कलाम, जिला प्रोबेशन अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री की ओर से शिवांगी का पुष्प भेंट कर स्वागत किया गया।
मीसा खुर्द की निवासी है शिवांगी
शिवांगी अवागढ़ ब्लाक के गांव मीसाखुर्द गांव की निवासी है। चार भाई बहन है। भाई बैंगलौर में इंजीनियर है, जबकि मां शिक्षामित्र हैं।
शिक्षा को सुधारने का होगा पहला काम
शिवांगी ने कहा आईएएस बनने के बाद सबसे पहले शिक्षा में सुधार हो इसके लिए कार्य करेंगी। उन्होंने कहा परिषदीय स्कूलों में शिक्षक समय से नहीं जाते हैं और न ही बच्चों पर ध्यान देते है। इसलिए सबसे पहला काम शिक्षा पर ही होगा।