एटा। थाना जलेसर के गांव खेड़िया खाती निवासी शिवम और सपना के बीच करीब दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शादी के लिए परिजन तैयार नहीं थे, इसे लेकर पांच महीने पहले शिवम ने आत्महत्या का प्रयास किया। युवती के परिजन ने दूसरी जगह शादी तय कर दी तो वह बौखला गया था। दिवाली के बाद गोदभराई होनी थी। उससे पहले ही उसने युवती को मार डाला।
युवती के पिता तेजपाल ने बताया कि गांव का शिवम भी बेटी के साथ पढ़ता था। 12वीं में बेटी पास हो गई और शिवम फेल हो गया था। बताया कि बेटी की शादी तय कर दी थी और दिवाली के बाद उसकी गोदभराई की रस्म होनी थी। धान बेचकर जो रुपये मिलते, उससे बेटी का विवाह करना था। मगर शिवम ने हमारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। शनिवार को जब बेटी घर पर अकेली थी तो दिनदहाड़े उसकी हत्या कर दी। इसके बाद परिवार सहित घर से फरार हो गया।
सीओ जलेसर कृष्ण मुरारी दोहरे ने बताया कि दोनों के बीच लगभग 2 वर्ष से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। लगभग 5 माह पूर्व आरोपी ने जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया था। परिजन ने जानकारी मिलते ही उपचार कराया, जिसके चलते उसकी जान बच गई। शनिवार को सपना को घर में अकेली थी, उसी समय शिवम आया और हत्या की घटना को अंजाम देकर फरार हो गया। मौके पर किसी प्रकार का कोई हथियार या कारतूस नहीं मिला है।