एटा। यूपी बोर्ड के हाईस्कूल के परीक्षा परिणाम में इस बार जिले के किसी परीक्षार्थी को प्रदेश की टॉप-10 सूची में स्थान नहीं मिला। जबकि बीते वर्ष 3 परीक्षार्थियों ने इस सूची में स्थान हासिल किया था। इस बार 95.67 अंक पाकर शालिनी राजपूत ने जिला टॉप किया। यह मारहरा के एमजीएचएम इंटर कॉलेज की छात्रा है।
बीते वर्ष के सापेक्ष इस बार हाईस्कूल के परीक्षा परिणाम में गिरावट देखने को मिली। पिछले साल 96.50 प्रतिशत अंक पाकर प्रदेश की टॉप-10 सूची में जिले के तीन विद्यार्थियों को स्थान मिला था। इसमें दो बेटियां थी, जबकि एक बेटा। शनिवार को परिणाम जारी हुआ। इसको लेकर विद्यार्थियों सहित उनके अभिभावकों में उत्सुकता थी। हाईस्कूल में सर्वाधिक अंक मारहरा के एमजीएचएम इंटर कॉलेज की शालिनी राजपूत को मिले। दूसरा नंबर जनता इंटर कॉलेज अवागढ़ के छात्र निशु व कुंवर मनोहर सिंह इंटर कॉलेज के छात्र अभिषेक का रहा। दोनों को 95.17 प्रतिशत अंक मिले।
आरडी इंटर कॉलेज की छात्रा अंजलि यादव 95 प्रतिशत अंक पर रहीं। इन्होंने जिले में तीसरा स्थान पाया। इसी विद्यालय की छात्रा तमन्ना ने जिले में चौथा स्थान प्राप्त किया। इन्हें 94.83 प्रतिशत अंक मिले। जबकि 94.67 प्रतिशत अंक के साथ 5वें स्थान पर श्रीराम बाल भारती इंटर कॉलेज के छात्र उदित बहादुर सिंह, छात्रा रती और छाया वर्मा, आरडी इंटर कॉलेज अलीगंज के अंशुल राजपूत, आरएसकेडी इंटर कॉलेज की प्रिया राठौर रहीं। बात बेटों और बेटियों की हो तो 20 टॉपर्स में 11 बेटियों ने स्थान पाया है।