एटा। थाना अवागढ़ क्षेत्र में उड़ेरी के बंबा में बुधवार को एक कटा हुआ हाथ पानी में बहता मिला। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने हाथ को बंबे से निकलवाकर देखा तो उस पर गायत्री मंत्र लिखा हुआ मिला।
थाना प्रभारी कपिल कुमार नैन ने बताया कि बुधवार की दोपहर लगभग 1 बजे जानकारी मिली कि गांव उड़ेरी के बंबा में एक कटा हुआ हाथ बहता जा रहा है। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हाथ को बंबे से बाहर निकलवाया। हाथ के ऊपर गायत्री मंत्र लिखा हुआ है। ऐसा लगता है कि कहीं दूर से बहकर आया है। आसपास कोई उसकी शिनाख्त नहीं कर सका, जिसके बाद उसको मेडिकल कॉलेज स्थित पोस्टमार्टम हाउस की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पोस्टमार्टम कराया जाएगा। आसपास के थानों व जिलों में फोटो व सूचना भेज दी गई है। हाथ की हालत देखकर ऐसा लगता है कि दो से तीन दिन पहले काटा गया हो। थाना स्तर से टीम भी बनाकर पता लगाने के लिए लगा दी गई है।