एटा। कस्बा अलीगंज स्थित एक क्लीनिक में उपचार के दौरान सात वर्षीय बालक की मौत हो गई। उसके पिता ने गलत उपचार का आरोप लगाया है।
कस्बे के मोहल्ला काजी निवासी संजीव कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बेटे अर्पित (7) की अचानक से तबीयत खराब हो गई। मंगलवार को उसको लेकर एक क्लीनिक पर पहुंचे। यहां उपचार करते समय चिकित्सक ने बच्चे को गलत इंजेक्शन लगा दिया, जिसके कारण उसकी हालत और बिगड़ गई। जब तक सही उपचार शुरू होता उसकी मौत हो गई।
मौत का कारण जानने का प्रयास किया तो चिकित्सक ने स्टाफ के साथ मिलकर धक्के मारते हुए भगा दिया। आरोप लगाया है कि चिकित्सक ने इंजेक्शन की हैवी डोज लगा दी, जिसके कारण बालक की मौत हो गई। सीएमओ डॉ. उमेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम जांच कर रही है। जो भी तथ्य निकलकर सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।