एटा। घरेलू गैस सिलिंडरों के व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने मंगलवार को अभियान चलाया। कोतवाली नगर क्षेत्र में आगरा रोड स्थित बृजवासी स्वीट पर टीम ने छापा मारकर सात घरेलू सिलिंडर और दो चूल्हे जब्त किए। सिलिंडरों में दो भरे हुए और पांच खाली पाए गए।
क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी दिग्विजय सिंह ने बताया कि संबंधित प्रतिष्ठान पर पूर्व में भी घरेलू गैस सिलिंडर मिलने की शिकायत के बाद कार्रवाई की जा चुकी है। इसके बावजूद मंगलवार को दोबारा जांच के दौरान घरेलू गैस का इस्तेमाल पाया गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर की गई कार्रवाई में विभाग ने मौके से सात सिलिंडर बरामद किए। छापेमारी के दौरान क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी दिग्विजय सिंह, पूर्ति निरीक्षक एके राणा, सह पूर्ति निरीक्षक केके शर्मा व पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर घरेलू उपभोक्ताओं के लिए निर्धारित हैं। व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में इनका इस्तेमाल नियमों का उल्लंघन है। विभाग ने स्पष्ट किया कि मिठाई की दुकानों, ढाबों, होटलों समेत अन्य प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग की जांच आगे भी जारी रहेगी।