एटा। ब्लॉक शीतलपुर के गांव मानपुर में एक सप्ताह से ट्रांसफॉर्मर खराब है। ग्रामीणों का कहना है कि सात दिन से बिजली नहीं आने से गांव में रात के समय अंधेरा छा जाता है और लोगों को परेशानी होती है। इसके बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए और शुक्रवार रात गंगनपुर बिजलीघर पर पहुंचकर घेराव करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का गुस्सा देखकर बिजलीघर के कर्मी सकते में आ गए और उन्होंने किसी प्रकार ग्रामीणों को समझाया और जल्द परेशानी दूर करने का आश्वासन दिया।
मानपुर के पूर्व प्रधान मोनू भारद्वाज ने बताया कि गांव में विद्युत आपूर्ति के लिए तीन ट्रांसफॉर्मर लगाए गए हैं। इनमें से एक मोहल्ले के लिए लगा हुआ ट्रांसफॉर्मर सात दिन से खराब पड़ा हुआ है। कई बार शिकायत के बाद भी विद्युत विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इसकी वजह से बारिश और गर्मी के इस मौसम में लोगों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। कोई कार्रवाई न होने के कारण शुक्रवार की रात ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और वह सीधे गंगनपुर बिजलीघर पहुंच गए। वहां घेराव करते हुए ट्रांसफॉर्मर को बदलने और विद्युत व्यवस्था को बहाल करने की मांग करते हुए नारेबाजी की। कहा कि फुंके पड़े ट्रांसफॉर्मर और विद्युत व्यवस्था में सुधार नही किया गया तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
22 अगस्त से ट्रांसफॉर्मर खराब है। कई बार जेई से संपर्क किया मगर कोई काम नहीं हुआ। प्रधान से भी कहलवाया मगर समस्या का समाधान नहीं हो सका। प्रार्थना-पत्र ले लिया है और आश्वासन दिया है कि जल्द ही परेशानी दूर की जाएगी। - नीरज शर्मा, मानपुर
छह दिन से गांव में बिजली नहीं आ रही है। छोटे-छोटे बच्चे व महिलाएं सभी परेशान हैं। कई बार 1912 पर कॉल कर समस्या को बताया मगर कोई कार्रवाई नहीं हो रही। फसल में सिंचाई के लिए पानी भी नहीं मिल पा रहा है। - ब्रह्मानंद, मानपुर
ट्रांसफार्मर खराब होने से सप्लाई बाधित है। इस लिए कुछ ग्रामीण बिजलीघर पर आए थे। उन्हें समझाकर वापस भेज दिया गया। ट्रांसफार्मर सही करा जल्द सप्लाई सुचारु की जाएगी। - ओपी पाल, अधिशासी अभियंता ग्रामीण
नीरज शर्मा
नीरज शर्मा