एटा। जनपद में सीरो सर्वे के तहत सैंपल लेने का कार्य चल रहा है। शासन से 48 ऐसे व्यक्तियों की सूची आई जो संक्रमित होकर स्वस्थ हो चुके हैं। इनमें से 42 लोगों के सैंपल किए जाने थे, लेकिन महज सात लोग ही सैंपल देने के लिए तैयार हुए हैं। अन्य लोगों में से किसी ने बहाना बना दिया तो किसी ने स्पष्ट इनकार कर दिया। विभाग ने मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी है।
सर्वे के नोडल अधिकारी डॉ. सीएल यादव ने बताया कि चार से छह जून तक जिले में 27 गांव व 5 वार्ड से 24-24 व्यक्तियों के सैंपल सीरो सर्वे की जांच को लिए।
वहीं दूसरे चरण में 42 ऐसे लोगों के सैंपल होने है जो संक्रमित होने के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण के अभियान के लिए शासन से 48 संक्रमितों की सूची आई। कॉल कर सभी से बात की गई। इस दौरान 7 व्यक्ति ऐसे मिले हैं जो सैंपल देने के लिए तैयार हैं। जिनके सैंपल लेने के लिए टीमों को शुक्रवार को भेजा जाएगा। सूची में दर्ज अन्य लोगों ने सैंपल देने से मना कर दिया है। पूरी जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी है। वहां से दूसरी सूची आएगी। उसके आधार पर सैंपल कार्रवाई की जाएगी।