एटा। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा 2024-25 में विभिन्न परिषदीय स्कूलों में शिक्षा ग्रहण कर रहे कक्षा 8 के 142 छात्रों ने सफलता का परचम लहराया है। इन छात्र-छात्राओं को स्कूल व साक्षरता विभाग शिक्षा मंत्रालय की ओर से इंटर तक की पढ़ाई के लिए 48 हजार रुपये छात्रवृत्ति के रूप में मुहैया होगी।
शिक्षा मंत्रालय द्वारा जिले के छात्र-छात्राओं को योजना का लाभ दिलाने के आवेदन मांगे गए थे। जिले से बड़ी संख्या में बच्चों ने आवेदन किया। फरवरी माह में परीक्षा आयोजित हुई थी। बृहस्पतिवार को इसका परिणाम आया। जिले में 145 सीट के सापेक्ष 142 ने सफलता हासिल की। बेसिक शिक्षा अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं को कक्षा 9 से 12 तक की पढ़ाई के दौरान प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये की राशि बतौर छात्रवृत्ति मुहैया होगी। प्रति माह एक छात्र को एक हजार रुपये वजीफा के तौर पर मिलेंगे।
छात्र-छात्राओं की इस सफलता पर बधाई देते हुए आगे भी सराहनीय प्रयास करने की सलाह दी। कहा कि शिक्षकों की मेहतन का नतीजा है कि जिले में 142 विद्यार्थी पास हुए हैं। अनुसूचित जनजाति के आरक्षित 3 सीटें खाली रह गईं हैं। शीतलपुर ब्लॉक क्षेत्र के यूपीएस पहरई के शिक्षक महाराज सिंह ने बताया इस वर्ष विद्यालय के 6 छात्रों को सफलता मिली है। विकासखंड सकीट जनपद एटा के तीन विद्यार्थी आय आधारित परीक्षा में चयनित हुए है। इसके अलावा अन्य ब्लॉक क्षेत्रों के भी विद्यार्थियों ने सफलता पाई है। अरुण शर्मा, अविनाश शुक्ला आदि ने बच्चों की सफलता पर हर्ष जताया है।