भीषण गर्मी सेहत पर भारी पड़ रही है। जिला अस्पताल में डायरिया के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। प्रतिदिन उल्टी-दस्त और पेट दर्द के ढाई सौ मरीज जिला अस्पताल आ रहे हैं। जिला अस्पताल में वार्ड फुल हैं। चिकित्सकों का कहना है कि गर्मी के मौसम में लोग खान-पान पर विशेष ध्यान दें तो डायरिया से बचा जा सकता है।
अप्रैल माह में गर्मी कहर बरपा रही है। भीषण गर्मी में डायरिया के मरीजों की संख्या में एक पखवाड़े के अंदर खासा इजाफा हुआ है। जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन औसतन 1200 से 1300 के बीच मरीज आ रहे हैं। इसमें औसतन 250 मरीज डायरिया से पीड़ित हैं। इसमें बुजुर्ग, युवा, महिला एवं बच्चों का प्रतिशत भी लगभग बराबर है। इसके अलावा जिले के अन्य सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों के अलावा निजी अस्पतालों में डायरिया से पीड़ित सैकड़ों मरीज प्रतिदिन पहुंच रहे हैं। यही हाल प्राइवेट चिकित्सकों और अस्पतालों का है। चिकित्सक भी मरीजों को इससे बचने की सलाह दे रहे हैं।
शरीर में पानी की कमी न होने दें
एटा। जिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डा. वीर सागर ने बताया कि डायरिया या हीट स्ट्रोक के लक्षण नजर आते ही रोगी को जल्द नजदीकी अस्पताल ले जाएं। उपचार शुरू होने तक मरीज को ठंडे स्थान पर रखना चाहिए। ओआरएस का घोल या नीबू शिकंजी मरीज को पिलाते रहें। उन्होंने बताया कि शरीर में पानी की कमी खतरा बन सकती है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। बाहर धूप में से आकर तत्काल ठंडे पानी और शीतल पेय पदार्थों से परहेज करें।
हीट स्ट्रोक के लक्षण
बार-बार प्यास लगना, तेज सर दर्द होना, कमजोरी महसूस होना, चक्कर आना, आंखों के आगे अंधेरा होना, बेहोशी आना, दस्त होना, हथेली और पैर के तलवों में जलन होना, त्वचा में झुर्रियां पड़ना, ब्लड पेशर लो होना आदि।
गर्मी में आंखों की भी करें उचित देखभाल
एटा। नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. आरएस शुक्ला ने बताया कि बढ़ते तापमान और धूल भरी आंधी को देखते हुए आंखों की देखभाल करना बहुत जरूरी है। बाइक चलाते समय हेलमेट या बिना नंबर का काला चश्मा पहनें। इसके अलावा दिन में कम से कम तीन से चार बार साफ पानी से आंखों को साफ करें।
डायरिया से बचने के उपाय
- दिन में कम से कम 10 ग्लास पानी पीएं।
- कम फाइबर वाले खाने का प्रयोग करें।
- साफ सफाई पर विशेष तौर पर ध्यान दें।
- खुले में रखे खाद्य पदार्थों को खाने से बचें।
- अधिक परेशानी होने पर चिकित्सकों की सलाह लें।