विधान सभा सामान्य निर्वाचन की मतगणना 11 मार्च को सुबह आठ बजे से मंडी परिसर पर होगी। वोटों की गिनती के लिए विधान सभा क्षेत्रवार अलग अलग पंडाल बनेंगे। प्रत्येक पंडाल में 14 मतगणना टेबिलें लगाई जाएंगी। वोटों की गिनती सुरक्षा बल और कैमरे की निगरानी में होगी। इसकी तैयारियों में अफसर जुटे हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी के. विजयेंद्र पांडियन ने बताया कि मतगणना स्थल की त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। चप्पे-चप्पे पर पैरामिलिट्री फोर्स के अलावा पीएसी एवं सिविल पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। मतगणना स्थल के बाहर बैरीकेडिंग की जाएगी। वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित होगा। धूम्रपान करना, बीड़ी, सिगरेट, माचिस अस्त्र शस्त्र, ज्वलनशील पदार्थ, मोबाइल, आईपेड, लैपटाप, इलेक्ट्रानिक डिवायस आदि ले जाने पर भी रोक रहेगी। मतगणना हॉल में ड्यूटी पर तैनात स्टाफ के अलावा प्रत्याशी एवं उनके अनाधिकृत मतगणना एजेंट ही रहेंगे। आपराधिक प्रवृत्ति के लोग मतगणना एजेण्ट नही बन सकेंगे। मतगणना प्रक्षेक के समक्ष होने वाले रेंडमाइजेशन कार्य, स्ट्रांग रूम खोलने, ईवीएम की स्ट्रांगरूम से निकासी, मतगणना हॉल की व्यवस्थाओं समेत सभी क्रिया कलापों की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।