एटा। राट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत सक्रिय क्षय रोग खोज अभियान नौ मार्च से शुरू किया जाएगा। अभियान के दौरान छह ब्लॉक और एटा शहरी क्षेत्र में तीन सदस्यीय 160 स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर क्षय रोगियों की खोज करेंगी। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि ब्लॉक जलेसर, निधौली कलां, अवागढ़, जैथरा, अलीगंज, शीतलपुर के अलावा एटा शहरी क्षेत्र में सक्रिय क्षय रोगियों की खोज के लिए 160 टीमें बुधवार से अभियान शुरू कर रही हैं।
टीमें घर के प्रत्येक सदस्य की स्क्रीनिंग करेंगी। यदि किसी भी सदस्य को दो सप्ताह से अधिक लगातार खांसी, बलगम, बलगम में खून, सीने में दर्द, भूख न लगना, रात में पसीना आना, वजन कम होना या छोटे बच्चों के गलें में गांठें होना आदि कोई लक्षण है तो उसकी जांच करेंगी। जांच में रोग पाए जाने पर उपचार शुरू किया जाएगा। क्षय रोगियों को निक्षय पोषण योजना के तहत 500 रुपये प्रतिमाह की दर से भत्ता प्रदान किया जाएगा। जांच और उपचार पूरी तरह से निशुल्क कराया जाएगा।
साढ़े चार लाख जनसंख्या की होगी स्क्रीनिंग
डीटीओ ने बताया कि पांचों ब्लॉकों में चार लाख 51 हजार जनसंख्या चिह्नित की गई है, इसकी स्क्रीनिंग की जाएगी। अभियान की मॉनीटरिंग 33 सुपरवाइजर करेंगे। ब्लॉक स्तरीय पर्यवेक्षण एमओआईसी एवं एमओटीसी द्वारा किया जाएगा।