एटा। कस्बा अवागढ़ के मोहल्ला बोहरान में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के गणना प्रपत्र भरते समय मतदाता और बीएलओ में मारपीट हो गई। मतदाता का आरोप है कि बीएलओ ने फॉर्म भरने के दौरान सरकार की बुराई की। वहीं बीएलओ ने सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप लगाया है।
कस्बा व थाना अवागढ़ के मोहल्ला बोहरान निवासी पुष्पेंद्र पाल सिंह ने फोन पर बताया कि रविवार को बीएलओ रूबी यादव अपने पति सौरभ कुमार के साथ घर पर आईं। यहां आकर सभी मतदाताओं के आधार कार्ड और फोेटो मांगने के साथ ही फॉर्म भरने लगीं। बेटा ललित जादौन जानकारी देने के लिए उनके पास बैठ गया। इनका आरोप है कि फॉर्म भरते समय ही सौरभ ने सरकार विरोधी बातें करते हुए गाली देना शुरू कर दिया।
जब इस बात को बेटे ने विरोध किया तो सौरभ ने उसके गाल पर तमाचा मार दिया। इसकी वजह से वह कुर्सी से नीचे गिर गया। हाल ही में उसके पेट का ऑपरेशन हुआ है। यह देखकर हमने सौरभ को घर से बाहर जाने को कहा तो पति-पत्नी आगबबूला हो गए और बाहर निकलकर मोबाइल से वीडियो बनाते हुए सरकारी काम में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज कराने की धमकी दी। पुष्पेंद्र ने बीएलओ और उनके पति पर पिटाई करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
वहीं दूसरे पक्ष के सौरभ कुमार ने बताया कि पत्नी रूबी यादव बीएलओ हैं। रविवार को मोहल्ला बोहरान में पुष्पेंद्र पाल सिंह के घर एसआईआर का फॉर्म भरने गई थीं। आरोप है कि वहां फॉर्म भरते समय ललित जादौन ने गालीगलौज की। सरकार अपनी होने की धमकी देते हुए हाथापाई करने लगा। इतना ही नहीं बचाने पर उन्हें भी पीटा और हाथ से छीनकर मोबाइल तोड़ दिया।
सीओ जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों ही पक्ष की ओर से शिकायत के बाद रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की गहनता के साथ जांच-पड़ताल की जा रही है। जो भी तथ्य निकलकर सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।