सकीट रोड पर वाहनों की चेकिंग करते एआरटीओ। संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। परिवहन विभाग द्वारा मंगलवार को शहर में स्कूल वाहनों की चेकिंग की गई। इस दौरान अनधिकृत स्कूल वाहनों पर शिकंजा कसते हुए नौ को सीज कर दिया गया। वहीं 15 ओवरलोड वाहनों के चालान काटे गए। एआरटीओ प्रशासन हेमचंद्र गौतम और पीटीओ अभिनव चौधरी ने अपनी टीम के साथ सकीट रोड, अलीगंज रोड, हाईवे टोल के पास चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एआरटीओ को ऑटो सहित अन्य वाहनों में सीट से अधिक यात्री बैठे मिले। इसको लेकर उन्होंने 15 वाहनों का चालान काट दिया।
वहीं स्कूली वाहनों की भी पड़ताल की। जहां स्कूल परमिट न होने के बाद भी वाहनों से स्कूली छात्र-छात्राओं को ढोया जा रहा था। इस पर नौ वाहनों को सीज कर दिया। दोपहर के समय की जा रही कार्रवाई को लेकर वाहन चालकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एक-दूसरे से पूछ कर चेकिंग वाले रास्तों से बचने का प्रयास करते नजर आए। अन्य मार्गों से वाहनों को निकाला गया। एआरटीओ ने बताया कि चेकिंग अभियान लगातार चलाया जाएगा। इसमें अनधिकृत रूप से चलने वाले स्कूल वाहन और अधिकृत स्कूल वाहनों में मानकों की पड़ताल की जाएगी। कमी पाए जाने पर वाहन चालकों पर कार्रवाई की जाएगी।