एटा। कोतवाली देहात क्षेत्र के अंतर्गत क्रिकेट के मैदान में झगड़ा हो गया। कुछ युवकों ने मिलकर अनुसूचित जाति के एक युवक को बैट और स्टंपों से पीट दिया। आरोप है कि इन लोगों ने सरकार और विधायक अपना होने की बात कहते हुए घटना को अंजाम दिया।
गांव रामपुर घनश्याम निवासी संजीव कुमार जाटव ने केस दर्ज कराया है। बताया कि 13 मार्च को रामू भटेले के ईंट भट्ठे के पास कई लड़के क्रिकेट खेल रहे थे। इनमें कुछ जाटव और कुछ लोधे राजपूत थे। इन दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया और मारपीट होने लगी। संजीव ने बताया कि वह समझौते के लिए गया तो लोधे राजपूत लड़कों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया और जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते हुए कहने लगे, ''सरकार हमारी है, विधायक भी हमारा है, क्या कर लेगा।''
इसके बाद बंटू, मानसिक, अंकित, विकास सहित अन्य लड़कों ने बैट, स्टंपों से इतना पीटा कि वह बेसुध हो गया। सूचना मिलने पर गांव से भाई आदि लोग पहुंचे और उठाकर कोतवाली देहात ले गए। वहां से मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि दो पक्षों के बीच झगड़े में मारपीट हुई थी। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।