शासनादेश जारी होने के बाद भी धनगर जाति के लोगों को अनुसूचित जाति के प्रमाण पत्र न बनने पर बुधवार को समाज के लोगों ने प्रशासन को धर्मांतरण करने की धमकी दे दी। समाज के लोगों ने अनुसूचित जाति के प्रमाण पत्र जारी न करने पर प्रशासन को चेतावनी दी है कि जल्द ही प्रमाण बनने का आश्वासन न मिला तो वे अपनी इच्छा से धर्म परिवर्तन कर लेंगे। इसके बाद प्रशासन भी सतर्क हो गया। आनन-फानन में प्रशासनिक अधिकारियों के एक दल ने धनगर समाज के लोगों से वार्ता की और उन्हें तीन दिन में प्रमाण बनाने के लिए निर्देश जारी करने का आश्वासन दिया। अधिकारियों में एडीएम प्रशासन लालमणि मिश्र व एसडीएम सदर अजीत कुमार सिंह मौजूद थे।
बुधवार को प्रांतीय धनगर महासभा के तत्वावधान में अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र के लिए धनगर समाज के लोगों ने कलक्ट्रेट स्थित धरनास्थल पर बैठक की। प्रदेश अध्यक्ष जेपी धनगर ने कहा कि अधिकारियों द्वारा समाज के लोगों को अनुसूचित जाति के प्रमाण पत्र जारी न करना उनकी हठधर्मिता को दर्शाता है। इसके चलते समाज के लोगों ने यह फैसला लिया है कि अब वे धर्म परिवर्तन करेंगे। इस पर वार्ता करने आए एडीएम, एसडीएम सदर व तहसीलदार ने कहा कि तीन दिन के अंदर अनुसूचित जाति के प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश जारी कर दिए जाएंगे। इस मौके पर जिलाध्यक्ष रामवीर सिंह धनगर, प्रदेश उपाध्यक्ष तहसीलदार सिंह धनगर, सोनू धनगर, दुर्गेश धनगर, गजाधर लाल धनगर, श्यौराज सिंह धनगर, हाकिम सिंह धनगर, पवन धनगर, महाराज सिंह, राकेश बाबू आदि मौजूद थे।