निधौलीकलां स्थित गहेतू रैंप पर मंगलवार को मानव मंगल मिलन सद्भावना समागम का आयोजन हुआ। समागम में भाग लेने के लिए सैकड़ों बसों और वाहनों में भरकर लाखों श्रद्धालु पहुंचे। वहीं छह हजार से ज्यादा सेवादारों ने तमाम व्यवस्थाएं संभालीं।
कार्यक्रम स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का जुटना शुरू हो गया था। धीरे-धीरे श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ी तो गुलाबी वस्त्रों में तैनात सेवादारों ने व्यवस्था की कमान संभाली। पंडाल श्रद्धालुओं से खचाखच भरा तो श्रद्धालु साकार विश्व हरि के दर्शनों को उत्साहित दिखे। दोपहर एक बजे साकार विश्व हरि भोले बाबा के मंच पर पहुंचते ही पंडाल जयकारों से गूंज उठा। साकार विश्व हरि ने कहा कि आज वर्गवाद, धर्मवाद, सांप्रदायिकता, भौतिकता, गरीब-अमीर के भेदभाव के लिए हम सब दोषी हैं। वर्गवाद और धार्मिक उन्माद से न कभी किसी का भला हुआ है और न होगा। मानवतावादी बनकर समाज के उत्थान के लिए सत्य पर चलें। इससे अनेकता मेें एकता, भाईचारा, सद्भावना की भावना को बल मिलेगा। समागम के विशाल पांडाल में कंट्रोल रूम बनाकर व्यवस्थाओं पर नजर रखी गई। ज्ञानेंद्र यादव, रमेश भारती, दुर्गपाल यादव, शिवप्रताप सिंह तोमर, कैलाश चंद्र, बाबूराम, राकेश कुमार, राजकुमार, आशा यादव, मिथलेश यादव, सत्येंद्र प्रभाकर, रामवीर सिंह, मुकेश यादव समेत हजारों लोग समागम में मौजूद रहे।
-------------------
दो जोड़ों का हुआ विवाह
समागम के दौरान दो जोड़ों का दहेज रहित विवाह कराया गया। समागम में हाथरस के गुलाबपुर निवासी विकास की शादी एटा के भोपतपुर निवासी पूजा और काली मंदिर दिल्ली निवासी भारत पाठक की शादी बुलंदशहर के नवीपुर खेड़ा निवासी नीलम शर्मा से हुआ। विवाह में सुप्रीम कोर्ट के सीनियर काउंसलर एपी सिंह ने विशेष भूमिका निभाई। वहीं समागम शुरू होने से पहले से लेकर खत्म होने के बाद एक साथ श्रद्धालुओं का रैला निकला, तो जलेसर-निधौली मार्ग पर जाम लग गया। पुलिस कर्मियों और सेवादारों ने यातायात व्यवस्था संभाली और वाहनों को निकलवाया।