विजिलेंस विभाग की जांच में समाज कल्याण विभाग में वर्षों से तैनात लिपिक करोड़ों की संपत्ति का मालिक निकला। बाबू के खिलाफ फर्रुखाबाद कोतवाली में विजिलेंस ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है।
फर्रुखाबाद जिला मुख्यालय की आवास विकास कालोनी के मधुवन भूखंड 201 निवासी रामसिंह कश्यप एटा के समाज कल्याण विभाग में वरिष्ठ सहायक के पद पर तैनात हैं। रामसिंह मूलरूप से राजा का रामपुर का रहने वाला है। लिपिक के खिलाफ किसी ने एंटी करप्शन विभाग में शिकायत कर जांच की मांग की थी। शिकायत पर विभाग ने पहले गोपनीय जांच की। गोपनीय जांच में भ्रष्टाचार की पुष्टि होने पर शासन से अनुमति लेकर जांच की। जांच के दौरान एंटी करप्शन विभाग ने जब लिपिक की संपत्ति खंगाली तो अकूत संपत्ति देखकर भौचक्के रहे गए। एंटी करप्शन विभाग के निरीक्षक पूरन सिंह की माने तो लिपिक रामसिंह कश्यप ने सरकारी नौकरी के बाद वर्ष 1992 में पत्नी धनदेवी कश्यप के नाम से फतेहगढ़ के मोहल्ला वनखड़िया में 17 डेसीमल भूमि दुकानों के निर्माण के लिए खरीदी, 23 सितंबर 1997 को पत्नी के नाम 7 बीघा कृषि भूमि राजा का रामपुर में खरीदी, 25 सितंबर 1998 में 10 बीघा भूमि फिर पत्नी के नाम खरीदी, 9 जून 2000 में पत्नी के साथ संयुक्त रूप से 216 वर्ग मीटर भूखंड आवास विकास बढ़पुर में खरीद कर आलीशान दो मंजिला भवन का निर्माण कराया, 31 जनवरी 2005 को 10 बीघा कृषि भूमि राजा रामपुर में पत्नी के नाम खरीदने के अलावा 2005 तक रामसिंह कश्यप ने बाइक, लाइसेंसी रिवाल्वर, रायफल समेत लाखों रुपये का सामान खरीदा। जुलाई 1992 से दिसंबर तक रामसिंह की समस्त आय 93,8,087 रुपये है, लेकिन संपत्ति और उपकरण खरीदने में लिपिक ने 4,088,79,59 रुपये खर्च कर दिए। विजिलेंस विभाग की जांच में बाबू ने 3,14,9,872 रुपये आय से अधिक व्यय किये गए हैं। आय से अधिक संपत्ति एकत्र करने में रामसिंह से पूछताछ में कोई जवाब नहीं मिला। अब भ्रष्टाचार निवारण संगठन कानपुर इकाई के निरीक्षक पूरन सिंह ने फर्रुखाबाद शहर कोतवाली में रामसिंह के खिलाफ तहत मुकदमा दर्ज कराया है। समाज कल्याण विभाग के बाबू रामसिंह कश्यप ने रिपोर्ट दर्ज होने की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले में जो भी जांच चल रही है उसका सामना किया जाएगा।
---------------
अभी तक विभाग या फर्रुखाबाद पुलिस की ओर से रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी नहीं है। सूचना आने पर निदेशक को पत्र लिखकर कार्रवाई की जाएगी।
- विनोद शंकर तिवारी, जिला समाज कल्याण विभाग
-----------------
पुलिस अधिकारी की सुनिए
फर्रुखाबाद कोतवाली इंस्पेक्टर डीके दुबे ने एंटी करप्शन विभाग के निरीक्षक पूरन सिंह द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराने की पुष्टि करते हुए कहा समाज कल्याण विभाग के बाबू की कुल आय 93,8,087 रुपये है, लेकिन जांच में संपत्ति 4,088,79,59 रुपये की है।