एटा। बीएसए संजय सिंह ने बृहस्पतिवार को शीतलपुर, निधौली कलां और अवागढ़ ब्लाक के प्रा. विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इसमें तीन शिक्षामित्र गैरहाजिर मिले। इस पर उन्होंने तीनों का वेतन काटने की संस्तुति की है। वहीं लापरवाही पर सात प्राधानाध्यापकों से स्पष्टीकरण भी मांगा है।
सबसे पहले वे शीतलपुर ब्लॉक में पहंचे। यहां प्रा.वि में तैनात शिक्षामित्र उमा कुमारी व किरन कुमारी अनुपस्थित मिलीं। धन मिलने के बाद भी प्रधानाध्यापक द्वारा न तो कंपोजिट ग्रांट से खेल सामग्री, रंगाई पुताई भी नहीं कराई गई थी। प्रधानाध्यापक को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। वहीं अनुपस्थित शिक्षामित्रों का मानदेय काटने की संस्तुति की है।
इसके बाद वे निधौली कलां ब्लाक के प्रावि एवं उप्रावि बिजौरी में पहुंचे। यहां भी कंपोजिट ग्रांट से कोई काम नहीं कराया गया। विद्यालय में रंगाई-पुताई, खेल सामग्री एवं स्वच्छता कार्य भी नहीं कराने पर प्रधानाध्यापक को स्पष्टीकरण मांगा है। इसी ब्लाक के प्रावि गदनपुर में शिक्षामित्र रश्मि कुमारी अनुपस्थित थीं। कंपोजिट ग्रांट से खेलकूद सामान, रंगाई-पुताई के काम न कराने पर प्रधानाध्यापक को नोटिस जारी किया गया।
वहीं, प्रावि बथुआ में एक कर्मचारी गैरहाजिर मिला। कंपोजिट ग्रांट के सभी काम अधूरे मिलने पर प्रधानाध्यापक को नोटिस दिया गया। प्रावि पिपहरा में शिक्षक रविकांत अनुपस्थित मिले। कंपोजिट ग्रांट के काम न होने पर प्रधानाध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। साथ ही अनुपस्थित शिक्षक का वेतन काटने की संस्तुति की गई। प्रावि रफतपुर एवं उप्रावि बिचपुरी साढ़े बारह बजे बंद मिले।
दोनों प्रधानाध्यापकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।अवागढ़ ब्लाक के प्रावि खुुुशकरी में कंपोजिट ग्रांट का मानक के अनुसार सदुपयोग नहीं किया गया। इतना ही नहीं कार्य के अभिलेख भी पूरे नहीं मिले। प्रधानाध्यापक को नोटिस जारी किया गया।