एटा। सदर तहसील प्रांगण में चल रहे कार्य में घटिया सामग्री से निर्माण कराने की शिकायत की गई है। इंटरलॉकिंग में पुरानी ईंट बिछाने के आरोप हैं। तहसीलदार ने एडीएम प्रशासन को पत्र लिखकर ठेकेदार द्वारा मानक के अनुसार काम नहीं कराने की शिकायत की है।
सदर तहसील में पालिका द्वारा इंटरलॉकिंग के साथ वाटर हार्वेस्टिंग का निर्माण कराया जा रहा है। आरोप है कि लाखों रुपये के बजट के कार्य में ठेकेदार द्वारा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा। सदर तहसीलदार दुर्गेश यादव ने एडीएम प्रशासन को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने बताया कि अधिवक्ता संघ द्वारा मिली शिकायत के बाद जब स्वयं मौके पर जांच की।
इस दौरान उन्होंने पाया कि पुरानी ईंट से इंटरलॉकिंग की गई है। वहीं, वाटर हार्वेस्टिंग निर्माण कार्य में भी मानक के विपरीत कार्य होते मिले। जब उन्होंने इस संबंध में ठेकेदार से एस्टीमेट मांगा तो उसने देने से इनकार कर दिया। तहसीलदार ने एडीएम प्रशासन को पत्र लिखकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने एवं जांच पूर्ण होने तक भुगतान रोकने की भी संस्तुति की है।