जलेसर थाना व कस्बा जलेसर के मोहल्ला महावीरगंज में शनिवार की रात चोरों ने एक सराफ की दुकान पर धावा बोल दिया। वहां से तिजोरी ही उठाकर ले गए। जिसे करीब दो किमी दूर ले जाकर खाली कर दिया। चांदी, सोना और नकदी चोरी कर ले गए। सुबह दुकान का शटर खुला देखकर स्थानीय लोगों ने दुकान मालिक को सूचना दी।
नगर के मोहल्ला महावीरगंज निवासी आशीष कुमार की आशीष ज्वेलर्स के नाम से आभूषणों की दुकान है। आशीष ने बताया कि रोज की तरह ही शनिवार की देर शाम वह दुकान को अच्छी तरह से ताला लगाकर बंद करके गए थे। रविवार की सुबह लगभग 4 बजे दुकान के आसपास रहने वाले एक लड़के ने जानकारी दी। जिसके बाद हम लोग दुकान के पास पहुंचे तो देखा शटर खुला हुआ था और लोहे की अलमारी (तिजोरी) गायब थी। आशीष ने बताया कि उनकी दुकान से चोर लगभग 5 किलो चांदी, 15 ग्राम सोना और 16 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। थाना प्रभारी सुधीर राघव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस की चार टीमें बनाकर जांच में लगा दी गई हैं और आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।