हाईस्कूल-इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा देने वाले विकलांग एवं दृष्टिबाधित परीक्षार्थियों को एक घंटा अतिरिक्त समय मिलेगा। ऐसे में उनके लिए परीक्षा का समय चार घंटा होगा। वहीं अन्य परीक्षार्थियों को भी प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय निर्धारित किया गया है।
19 फरवरी से प्रस्तावित बोर्ड परीक्षाओं के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद ने नियमावली जारी कर दी है। केंद्र व्यवस्थापकों को भेजी निर्देशिका में जहां शत प्रतिशत नकल विहीन परीक्षाएं कराने के निर्देश दिए हैं, वहीं परीक्षाओं की गोपनीयता एवं सुचिता बनाए रखने को कहा है। जारी निर्देशिका के अनुसार बोर्ड परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। ऐसे में पहली पाली में परीक्षा का समय 7.30 से 10.45 बजे एवं शाम की पाली में दो से 5.15 बजे होगा। विकलांग एवं दृष्टिबाधित परीक्षार्थियों को 20 मिनट प्रति घंटा अधिक अर्थात सवा गुना समय दिया जाएगा। अर्थात तीन घंटे की परीक्षा समय इनके लिए बढ़कर चार घंटा होगा।
परीक्षा नियमों का शत प्रतिशत अनुपालन करना अनिवार्य है। नियम अनदेखी की शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी। बोर्ड परीक्षा निर्देशिका में विभागीय निर्देशों का स्पष्ट उल्लेख है। किसी भ्रम की स्थिति में कार्यालय से संबंधित जानकारी ली जा सकती है।
- मनोज कुमार गिरि, जिला विद्यालय निरीक्षक, एटा