एटा। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में शनिवार दोपहर के समय एक महिला को लेकर कुछ लोग उपचार के लिए पहुंचे। आरोप है कि इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक उन्हें देखने बाहर नहीं आए। इस पर लोगों ने हंगामा कर दिया और पुलिस पहुंच गई।
गांव नगला अबदयाल थाना पटियाली जिला कासगंज निवासी रूप किशोर ने बताया कि भाभी मुन्नी देवी (65) को लेकर मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचे। जानकारी पर चिकित्सक आए और देखकर बताया कि पल्स नहीं है। मृत घोषित करने के लिए महिला को अंदर लाकर ईसीजी कराने को कहा। इसी बात पर वहां मौजूद व्यापार मंडल के कुछ पदाधिकारी भड़क गए और हंगामा करने लगे। व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष अतुल राठी ने आरोप लगाया कि चिकित्सक को बाहर आकर देखना चाहिए था। कुछ लोगों ने बताया कि महिला का कहीं बाहर उपचार चल रहा था। तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर यह लोग उनको लेकर मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचे थे।
इस मामले में मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रजनी पटेल ने कहा कि जांच कराई जाएगी। इसके लिए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को नियुक्त किया गया है। जो भी तथ्य निकलकर आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।