एटा। शहर में पेयजल परियोजना के लिए 72 करोड़ रुपये मंजूर हो गए हैं, इससे कई कार्य कराए जाएंगे। इसके बाद नगर के लोगों को शुद्ध पानी उपलब्ध कराया जाएगा। जल निगम शहरी क्षेत्र की निगरानी में कार्य होगा।
नगर पालिका परिषद एटा क्षेत्र में जल निगम की ओर से भेजी गई कार्ययोजना को मंजूरी मिल गई है। 72 करोड़ रुपये से शहर में कार्य कराए जाएंगे। इनमें 9 नलकूप नए बनेंगे, जबकि 9 का रीबोर होगा। इसके साथ ही 2 नई टंकियों का निर्माण होगा और 8 पुरानी टंकियों की मरम्मत कराई जाएगी। 120 किमी लंबी पाइप लाइन डालकर घर-घर कनेक्शन दिए जाएंगे। ताकि जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल से जल पहुंचाया जा सके।
यह कार्य अमृत योजना 2.0 के तहत होंगे। बता दें कि पहले चरण में अलीगंज और जैथरा में कार्य शुरू कराया गया था। दूसरे चरण में एटा और जलेसर को शामिल होना था लेकिन जलेसर में खारा पानी होने की वजह से परियोजना आगे नहीं बढ़ सकी और एटा को मंजूरी मिल गई है। अधिशासी अभियंता जल निगम शहरी क्षेत्र सैय्यद तारिक अली ने बताया कि अमृत योजना 2.0 के तहत एटा शहर में पेयजल परियोजना के लिए 72 करोड़ रुपये की मंजूरी मिल गई है। कार्य कराने के लिए तैयारी की जा रही हैं।