एटा। थाना साइबर क्राइम टीम ने ऑनलाइन ठगी के शिकार हुए व्यक्ति के खाते में 30.79 लाख रुपये की धनराशि वापस कराई है। रुपये पाकर पीड़ित खुश है।
साइबर थाना प्रभारी आदेश कुमार ने बताया कि गांव नरौरा थाना अवागढ़ निवासी विवेक प्रताप सिंह ने शिकायत करते हुए 31 लाख रुपये ट्रांसफर करने की बात कही। बताया कि इंडस्ट्रियल पावर ऑयल बुक करने के लिए 8 नवंबर को विजय ट्रेडिंग कॉरपोरेशन को यह रकम ट्रांसफर की थी। ऑर्डर की सप्लाई प्राप्त नहीं हुई, तो कंपनी से संपर्क करने का प्रयास किया। लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली जिसके बाद लगा कि धोखाधड़ी हुई है।
शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित खातों को फ्रीज करा दिया। बैंक को ई-मेल और मोबाइल के जरिए संपर्क करते हुए औपचारिकताएं पूर्ण कराई गईं। जिसके चलते 30.79 लाख रुपये की धनराशि पीड़ित के खाते में वापस कराई गई है। सीओ सिटी अमित कुमार राय ने बताया कि इस प्रकार के मामलों में जितनी जल्दी हो सके पुलिस को सूचित करें और 1930 पर कॉल जरूर करें। जिससे कि समय रहते धनराशि को बचाया जा सके।