शहर की यातायात व्यवस्थाएं चरमरा रही हैं। दिन भर रहने वाले जाम से लोग परेशान हैं। सुबह दोपहर को लगने वाले जाम के चलते स्कूली बच्चे एवं नौकरपेशा समय से नहीं पहुंच पा रहे। शिकायतों के बाद भी स्थानीय प्रशासन इस ओर गंभीर नहीं है।
पूरा शहर जाम के झाम से जूझ रहा है। सुबह व दोपहर के समय नन्नूमल चौराहा, पटियाली गेट, जीटी रोड जनता दुर्गा मंदिर, रेलवे रोड शांती नगर तिराहा, आगरा रोड पर रहने वाला जाम लोगों पर भारी पड़ रहा है। सर्वाधिक परेशानी स्कूली बच्चों एवं अन्य नौकरपेशाओं को हो रही है। पटियाली गेट पर लगने वाले जाम से गंजडुंडवारा रोड, सहावर रोड आदि पर स्थित विद्यालयों एवं कार्यालयों में सेवारत लोग जाम में फंसे रहते हैं। इतना ही नहीं दोपहर का जाम भी स्कूली बच्चों पर भारी रहता है। पसीने से तर बतर भूखे प्यासे बच्चे जाम में जूझते रहते हैं।
---------
कहां गए वन वे ट्रेफ्रिक के आदेश ?
प्रशासन द्वारा पूर्व में दिए गए वन वे यातायात के आदेश धरे रह गए। महीनों बाद भी इस पर अमल नहीं हो पा रहा। पटियाली गेट पर निर्देशों के बाद भी ट्रैफिक पुलिस नहीं दिखती। तो वहीं आगरा की ओर से आने वाले भारी वाहन भी इन आदेशों का पालन नहीं करते।