आगरा जाने के लिए एटा-आगरा फोर्ट पैसेंजर में चढ़ते यात्री। संवाद
एटा। कांवड़ यात्रा के चलते लागू किए गए रूट डायवर्जन से एटा से आगरा और बरेली जाने वाले यात्रियों की मुश्किल बढ़ गई है। बसों को डायवर्ट रूट से चलाए जाने के कारण आगरा तक का सफर लंबा हो गया है। करीब दो घंटे में पूरा होने वाला सफर अब चार घंटे तक पहुंच रहा है। वहीं किराया भी 124 रुपये की जगह करीब 260 रुपये प्रति यात्री तक लग रहा है। ऐसे में यात्री एटा-आगरा फोर्ट पैसेंजर ट्रेन का सहारा ले रहे हैं।
कांवड़ यात्रा के दौरान मुख्य मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव के कारण बसों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जा रहा है। इससे आगरा जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। समय बढ़ने के साथ यात्रा खर्च भी बढ़ गया है। यात्रियों का कहना है कि रूट डायवर्जन के कारण बस से सफर करना परेशानी भरा हो गया है।
ऐसे में एटा-आगरा फोर्ट पैसेंजर यात्रियों के लिए राहत लेकर आई है। यात्री महज 25 रुपये प्रति सवारी के किराए में आगरा पहुंच रहे हैं। बस के मुकाबले किराया कई गुना कम होने के साथ ही ट्रेन से सफर में डायवर्जन के कारण लगने वाले अतिरिक्त समय और परेशानी से भी राहत मिल रही है।
आगरा दवा लेने जा रहे हैं बस से 124 रुपये लगते हैं। रूट डायवर्जन होने के कारण बस घूमकर जा रही है। इससे किराया और समय दोनों अधिक लग रहे हैं। वहीं ट्रेन में मात्र 25 रुपये प्रति सवारी किराया लगता है। अधिकांश लोग ट्रेन से सफर कर रहे हैं।- गुंजन पाराशर, मयूर विहार
व्यापार के लिए अक्सर आगरा जाना होता है। शुक्रवार से सोमवार तक कांवड़ यात्रा के चलते रूट डायवर्जन रहता है। इस वजह से बस में किराया और समय दोनों अधिक लगते हैं। एटा-आगरा फोर्ट के माध्यम से कम किराए और समय से आगरा पहुंच जाते हैं। - आकाश, आगरा रोड
कांवड़ यात्रा की वजह से रूट डायवर्जन किया गया है। इसी वजह से आगरा व कासंगज मार्ग पर बसें घूमकर पहुंच रहीं हैं। इसके कारण यात्रियों की संख्या में गिरावट आई है। -नरेश कुमार गुप्ता, एआरएम