एटा। जिले के प्रमुख बौद्ध तीर्थ स्थल अतरंजी खेड़ा तक बस चलाने के लिए कई बार कहा गया। लेकिन, आश्वासन के बाद भी अभी तक बस नहीं चल सकी। 1 फरवरी को केंद्र सरकार ने बौद्ध धर्म से संबंधित स्थलों के विकास के लिए बजट में प्रावधान किया है। लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही यहां के लिए परिवहन सेवाएं बेहतर होंगी।
थाना मिरहची क्षेत्र में अचलपुर गांव के पास बौद्ध तीर्थस्थल अतरंजी खेड़ा स्थित है। यहां लोग काफी संख्या में आते हैं। स्थानीय, प्रदेश के साथ ही देश-विदेश से पर्यटक और बौद्ध धर्मावलंबी यहां आकर भ्रमण करते हैं और इसके इतिहास को जानने के प्रयास करते हैं। सरकार ने इसको पुरातत्व विभाग के हवाले कर दिया है। जिसके बाद से यहां चारों और से चहारदीवारी कर दी गई है। जिससे कि इस टीले के साथ कोई किसी प्रकार की छेड़छाड़ न कर सके।
लेकिन यहां तक परिवहन की बेहतर सेवा न होना सबसे बड़ी समस्या है। जिसके कारण बहुत से लोग निजी व डग्गामार वाहनों का सहारा लेकर यहां तक पहुंच पाते हैं। पर्यटकों की संख्या भी इसी वजह से नहीं बढ़ पा रही है।
डिपो की ओर से पिछले वर्ष यहां तक मिरहची होते हुए बस चलाने की बात कही गई थी। मगर रोडवेज आज तक नहीं चल सकी है, जिसके कारण स्थानीय लोगों को भी समस्या का सामना करना पड़ रहा है।