एटा में मेडिकल कॉलेज के सामने जीटी रोड पर रोडवेज बस ने बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया। दोनों ही युवकों की मौत हो गई। युवकों के ऊपर से बस के पहिये गुजर गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
एटा में मां को अस्पताल में खाना देकर घर जा रहे बेटे सहित दो लोग बस के पहिए के नीचे आ गए। इसकी वजह से दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद जीटी रोड पर काफी देर तक जाम लगा रहा।
मलावन थाना क्षेत्र के गांव निगोह हसनपुर निवासी चंद्रकेश ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में बृहस्पतिवार को गांव के ही सतीश की पुत्रवधू का प्रसव हुआ है। इसकी वजह से उनकी पत्नी व अन्य लोग यहीं पर हैं। शुक्रवार को बेटे सत्यम चौहान (18) के साथ सतीश का पुत्र निशांत भदौरिया उर्फ गोलू (17) बाइक पर खाना लेकर आया था। मेडिकल कॉलेज में अपनी मां को खाना देेने के बाद दोनों लोग घर लौट रहे थे।
मेडिकल कॉलेज के सामने ही सड़क पार करते समय रोडवेज बस की चपेट में आकर गिर गए। इसी बीच बस का पहिया इनके ऊपर से गुजर गया और दोनों बुरी तरह कुचल गए। जानकारी होते ही सीओ सिटी राजेश सिंह व कोतवाली नगर प्रभारी प्रेमपाल सिंह मौके पर आ गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद घर में चल रही नवजात के जन्म की खुशियां मातम में बदल गईं। परिजन रो-रोकर बुरा हाल है। सत्यम 6 भाइयों में पांचवें नंबर का था और गोलू 3 भाइयों में सबसे छोटा था।