सकीट में चौराहे पर हुई सड़क दुर्घटना में हुई बच्चे की मौत की घ्टना के बाद आक्रोशितों ने लगाया जाम-
- फोटो : ETAH
एटा/सकीट। मकान के सामने खेल रहा छह वर्षीय बच्चा कार की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई, हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गया। गुस्साए परिजनों ने आसपुर तिराहे पर जाम लगा दिया। सदर विधायक के समझाने पर परिजनों ने जाम खोला।
कस्बा सकीट के मोहल्ला मुंशी नगर निवासी वासुदेव का छह वर्षीय इकलौता बेटा लकी घर के पास ही दुकान पर शाम करीब पांच बजे खेल रहा था, तभी आसपुर की ओर से आ रही स्कार्पियो की चपेट में आ गया। बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। दो बेटियों के बीच इकलौते बेटे की मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने आसपुर तिराहे पर जाम लगा दिया।
खबर मिलते ही पुलिस पहुंच गई। परिजन कार सवार की गिरफ्तारी की मांग करते रहे। सूचना पर सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड पहुंचे और परिजनों को समझाया। बमुश्किल लोगों ने जाम खोला। करीब एक घंटे तक जाम लगा रहने के चलते दोनों ओर सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रही। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पेड़ से गिरकर युवक की मौत
एटा। थाना सकीट के गांव जारथल निवासी भरत सिंह खेत पर पेड़ से खूंटा काटने गया था। पेड़ पर चढ़े युवक का संतुलन खराब हो गया और जमीन पर आ गिरा। युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, परिजन कस्बा में ही निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, यहां पर उसने दम तोड़ दिया। परिजनों ने पुलिस को सूचना देकर शव का पोस्टमार्टम कराया है।