जलेसर क्षेत्र के शेरपुर गांव में जलभराव व कीचड़ से गुजरते लोग। संवाद
जलेसर। विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत सरायनीम के मजरा शेरपुर की हरिजन बस्ती और बाईपास मार्ग पर करीब दो दशक से जलभराव की समस्या बनी हुई है। हालात यह हैं कि ग्रामीणों को सालभर गंदे पानी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है। इस मार्ग से करीब 20 गांवों के लोगों का आवागमन होता है।
ग्रामीण अभय प्रताप चौक, बल्लू ठाकुर, छोटू ठाकुर, वीरेंद्र चक और योगेंद्र यादव ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए कई बार तहसील दिवस और जिला स्तर के अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव बजट न होने की बात कहकर जिम्मेदारी टाल देते हैं। वहीं प्राथमिक विद्यालय मिर्जापुर-शेरपुर के आसपास भी गंदगी फैली हुई है। इससे बच्चों को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जलनिकासी, रास्ते का निर्माण और नियमित सफाई कराने की मांग की है।
-ग्राम पंचायत सराय नीम का मजरा जाट शेरपुर में समस्याओं को निस्तारण कराया जाएगा। टीम गठित कर इलाके में साफ-सफाई कराई जाएगी। जलनिकासी के इंतजाम किए जाएंगे। -पीएस आनंद, खंड विकास अधिकारी जलेसर