गणतंत्र दिवस को लेकर पुलिस लाइन में होती तैयारी।
- फोटो : ETAH
एटा। गणतंत्र दिवस की पावन बेला के लिए सोमवार की देरशाम तक पुलिस लाइन परेड ग्राउंड सजकर तैयार हो गया। यहां पर आज परेड व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी सुखलाल को भारती परेड का मान प्रणाम ग्रहण कराया जाएगा। सुबह साढ़े आठ बजे डीएम कलक्ट्रेट पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।
वहीं स्कूल-कॉलेज सहित सभी सरकारी व गैर सरकारी कार्यालयों और भवनों पर तिरंगा फहराया जाएगा। युवाओं द्वारा कासगंज पुल से बाइक रैली निकाली जाएगी, जबकि मारहरा से पूर्व विधायक अमित कुमार गौरव के नेतृत्व में जिला मुख्यालय तक ट्रैक्टर रैली निकाली जाएगी।
पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड को तरह-तरह की रंगोली बनाकर और फुलवारी लगाकर सजाया गया है। चारों ओर गणतंत्र दिवस की धूम मचाने के लिए तिरंगा का रूप दिया गया है। जबकि अतिथियों के बैठने के लिए अलग से बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं। आज मंगलवार की सुबह नौ बजे परेड का आगमन होगा। 9.10 पर परेड कमांडर द्वारा स्थान ग्रहण कराया जाएगा और 9.20 पर एसएसपी पहुंचेंगे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी सुखलाल भारती 9.25 पर पहुंचकर 9.30 बजे ध्वजारोहण करेंगे और इसके साथ ही रैतिक परेड की जाएगी। 10.15 पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन शुरू होगा और 11 बजे सूक्ष्म जलपान कराकर समापन किया जाएगा। वहीं कलक्ट्रेट पर जिलाधिकार सुखलाल भारती 8.30 बजे ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद अन्य विभागों में ध्वजारोहण किया जाएगा।