राजा का रामपुर (एटा)। क्षेत्र के लुहारी खेड़ा डाकघर के सेवानिवृत्त डाकपाल पर सवा लाख रुपये के गबन के आरोप में थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। तीन बचत खाताें की धनराशि हड़पने के मामले से खाताधारकों में बेचैनी है। डाकघर पहुंचकर अपने खातों की जानकारी कर रहे हैं।
बुधवार की देर शाम को थाना राजा का रामपुर पहुंचे डाक निरीरक्षक सचिन वर्मा ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें लुहारी खेड़ा डाकघर के सेवानिवृत्त डाकपाल रामखिलाड़ी निवासी बनियाढारा थाना जैथरा पर गबन का आरोप लगाया। बताया कि डाकपाल ने लुहारीगवी निवासी फरजाना बेगम के 27235 रुपये हड़प लिए। लखनपुरा के सुरेश चंद्र के खाते से 35912 रुपये और संतोष कुमार के खाते से 59735 रुपये का गबन कर लिया। रामखिलाड़ी पर आरोप है कि खाताधारकों की पासबुक में वह हाथ से रुपये जमा होने की प्रविष्टि अंकित करता रहा।
डाकपाल के सेवानिवृत्त होने पर इसका खुलासा हुआ। शिकायत पर विभाग ने इसकी जांच कराई। जांच में इन तीन बचत खातों में गबन का मामला प्रकाश में आया है। अन्य खातों की भी जांच कराई जा रही है। गबन की पुष्टि होने पर खाताधारक तनाव में आ गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बड़ी मात्रा में धनराशि लोगों ने अपने-अपने खातों में जमा की। किताबों में तो धनराशि दर्ज है।
जब अपना खाता राजा का रामपुर उप डाकघर पर चेक कराया तो धनराशि खातों से गायब थी कई लोगों ने केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण योजना कन्या समृद्धि योजना के तहत खाते खुलवाए थे जैसे वह अपनी बेटी का भविष्य उज्ज्वल कर सकें, लेकिन इस गोलमाल के कारण बेटियों का भविष्य अधर में उलझ गया है। थाना प्रभारी किशोरी लाल मीना ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर प्रकरण की बारीकी से जांच की जा रही है।