एटा में विद्युत चोरी विरोधी अभियान के दूसरे दिन मारहरा गेट व डाक बंगलिया मोहल्ले में मोहल्ले में चेकिंग की गई। पुलिस बल के साथ निकली आठ टीमों ने 164 भवनों की विद्युत व्यवस्थाएं देखीं। इस अवसर पर 33 पुराने बकाएदारों के कनेक्शन काटे गए। छह लाख दस हजार रुपये का राजस्व वसूला गया।
मंगलवार को घने कोहरे के बाद भी विद्युत चेकिंग जारी रहा। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संबंधित क्षेत्रों में पहुंचीं विद्युत टीमों ने कनेक्शन जांचे। साथ ही उपभोक्ताओं के रिकार्ड खंगाले। कार्रवाई को लेकर दहशत में दर्जनों बकाएदारों ने छह लाख दस हजार रुपये का राजस्व जमा किया। तो वहीं 33 पुराने बकाएदारों के कनेक्शन काटे गए। वहीं शिकायत पर 16 उपभोक्ताओं के मीटर बदले गए। अभियान से सकते में आए दर्जनों उपभोक्ता तो घर प्रतिष्ठान बंद कर नदारद दिखाई दिए। नौ विद्युत चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
विद्युत अधिकारियों के अनुसार बुधवार से सचल दल टीमों के पास एमआरआई उपकरण भी रहेगा। ऐसे में यह लोग बिना मीटर खोले ही ऊपर से ही मीटर की हेराफेरी को जांच सकेंगे। साथ ही रात में विद्युत चेकिंग के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है। जो आकस्मिक चेकिंग करेंगे।
सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा। बुधवार से टीमों के पास एमआरआई उपकरण भी रहेंगे। जिससे संदिग्ध मीटर की हेराफेरी की जांच बिना खोले की जा सकेगी। संबंधितों के विरुद्ध प्राथमिकी भी दर्ज कराई जाएगी।
-राजीव चतुर्वेदी, अधिशासी अभियंता
विद्युत वितरण खंड, शहरी क्षेत्र एटा
18 प्राथमिकी, 17 मीटर बदले
विद्युत विभाग द्वारा चलाए गए अभियान में 138 उपभोक्ताओं की चेकिंग कर 18 बिजली चोरी करते पकड़े गए। उपखंड अधिकारी कर्मवीर सिंह ने उपभोक्ताओं को चेतावनी दी है कि वह बिल जमा करें। अवर अभियंता सतीश यादव, दयाशंकर सिंह, दुरमिल सिंह द्वारा मोहल्ला इस्लाम नगर और महावीर गंज में 138 उपभोक्ताओं की चेकिंग की गई। विद्युत चोरी में 18 प्राथमिकी दर्ज हुईं। बकाए को लेकर 26 कनेक्शन काटे गए। 17 मीटर बदले गए।