एटा। थाना निधौली कलां क्षेत्र के गांव रामनगर निवासी पूर्व प्रधान रामू उर्फ रामभरोसे ने अपनी पत्नी रवीना को 18 अगस्त की दोपहर में गोली मार दी थी। इस मामले में घायल महिला के भाई रामौतार निवासी नगला सेवा कोतवाली देहात ने रामू के खिलाफ बहन की हत्या का प्रयास करने की रिपोर्ट लिखाई है। इसमें कहा है कि बहन दरवाजे की सफाई कर रही थी। तभी रामू आया और उसने तमंचे से गोली चला दी।
इसकी वजह से बहन की हालत गंभीर बनी हुई है। एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा में इलाज चल रहा है, जो जिंदगी और मौत से जूझ रही है। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि घायल के भाई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है, जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। संवाद