एटा। जिले में 19 साल बाद क्षेत्रीय खेलकूद समारोह का आयोजन किया जाएगा। चार दिवसीय इस आयोजन की शुरूआत 23 सितंबर को ज्योति यात्रा के साथ की जाएगी।
आयोजन के संबंध में रविवार को सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पत्रकार वार्ता की गई। प्रधानाचार्य राजीव गुप्ता ने बताया कि 23 सितंबर को शाम 4 बजे कैलाश मंदिर से सरस्वती विद्या मंदिर तक ज्योति यात्रा निकाली जाएगी। इसका आयोजन पूर्व छात्र परिषद द्वारा किया जाएगा।
24 सितंबर को सुबह 9 बजे पं. गोविंद बल्लभ पंत स्टेडियम में उद्घाटन समारोह के साथ ही खेल प्रतियोगिताएं शुरू हो जाएंगी। समारोह में मुख्य वक्ता विद्या भारती पश्चिम उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय संगठन मंत्री डोमेश्वर साहू रहेंगे।
कार्यक्रम संयोजक मंडल के अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार वार्ष्णेय ने बताया कि समारोह में उत्तराखंड, ब्रज प्रदेश, मेरठ प्रांत के 37 जिलों के करीब 450 छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे। दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, त्रिकूद, भाला फेंक, चक्का फेंक, गोला फेंक, तारगोला फेंक आदि प्रतियोगिताएं बाल, किशोर व तरुण वर्ग में होंगी।
प्रबंधक अतुल राठी ने बताया कि समापन और पुरस्कार वितरण समारोह 26 सितंबर को होगा। प्रतियोगिता के गोल्ड पदक विजेताओं को आगे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता खेलने का मौका मिलेगा। बताया कि इससे पहले एटा में क्षेत्रीय प्रतियोगिता करीब 19 साल पहले आयोजित की गई थी।
कोषाध्यक्ष डॉ. राजेश सक्सेना, स्वामी विवेकानंद शिक्षा प्रसार समिति के उपाध्यक्ष बृजनंदन माहेश्वरी एवं मंत्री संजीव गोयल ने खेलों की महत्ता और विद्यालय में इसके लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। इस दौरान डॉ. अरुण राजौरिया, डॉ. प्रेमचंद सहित अन्य आचार्य मौजूद रहे।