मेडिकल कॉलेज के स्त्री एवं प्रसूति विभाग वार्ड में ऑपरेशन करने के बाद मरीजों को देखती डॉ. साधना
एटा। वीरांगना अवंतीबाई लोधी ऑटोनोमस स्टेट मेडिकल कॉलेज के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग ने एक माह में पहली बार सर्वाधिक 161 सफल ऑपरेशन कर नया रिकॉर्ड बनाया है। इनमें 157 सामान्य और आपातकालीन सीजेरियन शामिल हैं। कॉलेज प्रशासन ने इसे विभाग की बेहतर कार्यप्रणाली और टीमवर्क का परिणाम बताया है।
प्राचार्य डॉ. बलबीर सिंह के मार्गदर्शन में स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग ने नियमित और आपातकालीन प्रसूति सेवाओं के जरिए जटिल मामलों का भी सफल उपचार किया। विभागाध्यक्ष डॉ. साधना सिंह ने बताया कि करीब 15 मरीज ऐसी थीं, जिनकी दूसरी या तीसरी डिलीवरी थी और पहले भी ऑपरेशन हो चुके थे। इन मामलों में बच्चेदानी के टांके अत्यधिक कमजोर होने या बच्चेदानी फटने जैसी गंभीर स्थिति थी, लेकिन सभी का सफल ऑपरेशन किया गया।
उन्होंने बताया कि सभी ऑपरेशन एनेस्थीसिया विशेषज्ञों, बाल रोग विशेषज्ञों, नर्सिंग स्टाफ और ऑपरेशन थिएटर टीम के समन्वित प्रयास से सुरक्षित ढंग से किए गए। अधिकांश मरीज स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि शेष का उपचार जारी है।
मेडिकल कॉलेज का प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग 24 घंटे आपातकालीन प्रसूति सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था और जटिल स्त्री रोगों का समय पर उपचार कर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।
प्राचार्य डॉ. बलबीर सिंह ने विभाग के चिकित्सकों, एनेस्थीसिया एवं बाल रोग विभाग, नर्सिंग स्टाफ और सहयोगी कर्मचारियों के समर्पण व उत्कृष्ट टीमवर्क की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी महिलाओं को सुरक्षित, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए कॉलेज प्रतिबद्ध रहेगा।
-