निकाय की कार्यप्रणाली को देखते आईएस प्रशिक्षु अधिकारी। स्रोत सूचना विभाग
एटा। लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी मसूरी के 100वें फाउंडेशन कोर्स के आईएएस प्रशिक्षु अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को अपने क्षेत्र अध्ययन एवं अनुसंधान कार्यक्रम के तहत नगर पंचायत जैथरा जिले के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया।
प्रशिक्षु अधिकारियों को नगर पंचायत में स्वच्छ भारत मिशन शहरी के जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुरजीत सिंह ने नगर निकाय की कार्यप्रणाली, टैक्स कलेक्शन व्यवस्था, सफाई प्रणाली, नागरिक सुविधाओं और चल रही योजनाओं की जानकारी दी। इसके बाद श्री गांधी सार्वजनिक इंटरमीडिएट कॉलेज जैथरा का दौरा कर छात्र-छात्राओं से संवाद किया। प्रशिक्षु अधिकारियों ने छात्रों को करियर निर्माण व यूपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षु अधिकारियों ने जवाहर तापीय विद्युत परियोजना मलावन का भी निरीक्षण किया। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने मुरली कृष्णा फूड्स प्राइवेट लिमिटेड की औद्योगिक इकाई का दौरा किया और चकोरी उत्पादन प्रक्रिया, विपणन तंत्र व रोजगार सृजन के बारे में जानकारी ली। उप जिलाधिकारी पीयूष रावत, अधिशासी अधिकारी श्वेता सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष विवेक कुमार गुप्ता, अभियंता व विद्यालय के शिक्षकगण मौजूद रहे।