एटा। राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा ने शुक्रवार कलेक्ट्रेट धरना स्थल पर नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं और दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में डीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा। संगठन ने प्रकरण की जांच सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में गठित विशेष जांच दल से कराने की मांग की।
ज्ञापन में जिलाध्यक्ष अशोक कुमार पांडे ने कहा कि परीक्षा माफियाओं और दोषियों की संपत्तियां जब्त कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही पदाधिकारियों ने प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मामलों में जान गंवाने वाले छात्रों के परिजनों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग रखी। संगठन ने दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की न्यायिक जांच, दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई, घायल छात्रों के निशुल्क उपचार व आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की। इस दौरान महामंत्री राजीव उपाध्याय, नितिन वशिष्ठ, रामकृष्ण द्विवेदी, विशाल पंडित, शिवांशु, सूर्यांश मिश्रा, प्रभात शर्मा, अमन सक्सेना, रवि गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।