एटा। कोतवाली नगर में दुष्कर्म पीड़िता पर फर्जी मुकदमा दर्ज कराकर ठगी करने के मामले में नया मोड़ आ गया है। बृहस्पतिवार की देररात दुष्कर्म पीड़िता ने तीन तथाकथित पत्रकारों, मुकदमा लिखाने वाली महिला सहित सात के खिलाफ मारपीट कर छेड़छाड़ करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
दुष्कर्म पीड़िता की ओर से कोतवाली नगर में दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि एक गांव निवासी संदीप यादव ने अपने प्रेम का नाटक कर उससे दुष्कर्म किया। जब वह सात माह की गर्भवती हो गई तो संदीप ने उससे शादी करने का वादा किया। सबकुछ सही होने के बाद वह अपने पिता के यहां से 10 लाख रुपये और करीब आठ लाख रुपये के जेवरात लेकर संदीप के साथ कई चली गई थी।
युवती का आरोप है कि संदीप की फुफेरी बहन बनकर महिला काजल जादौन ने उससे बात करनी शुरू कर दी। दुष्कर्म पीड़िता ने बताया कि उसने संदीप को दिए 10 लाख रुपये और जेवर लौटाने को कहा और मुकदमा वापस करने की बात कही थी।
बृहस्पतिवार को वह अपने जान-पहचान वाले के साथ बाजार गई थी तभी प्रेमवीर, संदीप के दोस्त रिंकू, संदीप की बहन नीलम, संदीप की फुफेरी बहन बताने वाली महिला काजल जादौन, तथाकथित तीन पत्रकार आमिर, हिमांशू और सुनील मिश्रा ने एसबीआई के सामने उसे पकड़ लिया। युवती का आरोप है कि इस दौरान काजल जादौन ने उसे एक बैग दिया और कहा कि इसमें 10 लाख रुपये और जेवर हैं।
अपने रुपये और जेवर ले लो। जब पीड़ित युवती ने खोलकर देखा तो इसमें रुपये और जेवर नहीं थे। इस पर उसने बैग उसकी ओर फेंक दिया। इसी बीच तथाकथित तीनों पत्रकार और दोनों युवक ने युवती से छेड़छाड़ शुरू कर दी और उसका मोबाइल छीनकर फेंक दिया। उसने बताया कि वह किसी तरह भागकर कोतवाली नगर पहुंची। पुलिस ने युवती की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।