कासगंज। सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक विवाहिता के साथ घर घुसकर गांव के ही एक आरोपी ने दुष्कर्म किया। वहीं पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर कोई कार्रवाई नहीं की, न तो तहरीर की जांच कर एफआईआर दर्ज की और न ही विवाहिता का मेडिकल कराया। पीड़िता की मां प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए अब इधर-उधर भटकने को मजबूर है।
दुराचार की यह घटना 10 नवंबर की शाम के समय हुई। जब विवाहिता अपने मायके में आई हुई थी। शाम के समय घर पर कोई नहीं था। विवाहिता ही घर पर अकेली थी। गांव का ही युवक ओमपाल तमंचा लेकर घर में घुस आया और विवाहिता के साथ दुष्कर्म किया। विवाहिता ने घटना का विरोध किया। वह चीखी चिल्लाई तब परिवार के लोग भी पहुंच गए।
आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह परिजनों के साथ मारपीट करके भाग गया। इस मामले की तहरीर विवाहिता की मां ने थाना पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ने मामले में कोई जांच पड़ताल नहीं की और न ही कोई कार्रवाई। पीड़िता की मां ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया और बताया कि वह अगले दिन भी थाने गईं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं की गई। उन्होंने बताया कि अब पुलिस अधीक्षक से इस संबंध में शिकायत की गई है।
थाने को नहीं दी कोई सूचना
थाना पुलिस को कोई सूचना नहीं मिली है। यदि कोई पीड़ित थाने आकर सूचना या तहरीर देता है तो उसे दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी। जांच पड़ताल में जो भी सामने आएगा उसके हिसाब से आगे की कार्रवाई होगी।
हरिराम वर्मा, थाना प्रभारी सिकंदरपुर वैश्य।