ग्रामीणों की मुआवजा दिलाने की मांग
- फोटो : अमर उजाला
कस्बे में शनिवार रात आई आंधी, ओलों और बारिश से क्षेत्र की फसलें बर्बाद हो गईं। गेहूं की फसलें खेतों में गिर गईं। वहीं ओलों से तंबाकू की फसल को काफी नुकसान हुआ है। आलू के खेत में पानी भर जाने से किसानों का नुकसान हो रहा है। किसानों ने मुआवजा दिलाने की मांग की है।
गांव जमालपुर के निकट पेड़ टूटकर गिर गए। जिन्हें काफी देर बाद हटाया जा सका। बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों के मेहनत से उगाई फसलें चौपट हो गईं। गांव इतवारपुर, वहापुर, जहांगीरपुर, बसई आदि में तंबाकू की फसल अधिक क्षेत्र में होती है। ओलावृष्टि से तंबाकू के पत्तों को काफी नुकसान हुआ है। गांव खितौली, परतापुर, जमालपुर, म्यासुर, शहवाजपुर, अलादीनपुर, रोशन नगर, तारापुर आदि में गेहूं की फसल को नुकसान हुआ है। गेहूं की फसलों को खेतों में बिछा देखकर किसान परेशान हैं। परतापुर, सेवनपुर, खितौली आदि में आम की फसल को भी नुकसान हुआ है। किसान वीरेंद्र, पप्पू, भीकम, निजामुद्दीन, विष्णु, रामप्रसाद आदि ने मुआवजे की मांग उठाई।